झारखंड

दीपावली और छठ पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, 12 दुकानों का औचक निरीक्षण।

खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छता का पालन करने का निर्देश, वैध FSSAI लाइसेंस नहीं रखने वाले दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत।

साहिबगंज। आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साहिबगंज मुख्य बाजार में सघन जांच अभियान चलाकर 12 दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक पंजीकरण कराने तथा वैध FSSAI लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। जिन दुकानदारों के पास आवश्यक दस्तावेज एवं लाइसेंस उपलब्ध नहीं थे, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र लाइसेंस प्राप्त करने की सख्त हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान फल-सब्जी विक्रेताओं, मिठाई दुकानदारों, पनीर विक्रेताओं एवं होटल संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता मानकों का पालन करने को कहा गया। साथ ही खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा दुकानों एवं आसपास के परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बाजार में मिलावटी एवं एनालॉग पनीर की भी जांच की गई। दुकानदारों को केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमोदित खाद्य रंगों का उपयोग करने तथा प्रतिबंधित रंगों एवं मिलावटी सामग्री से बचने की हिदायत दी गई।

इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा एवं नौरंगदेव कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने, मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने अथवा निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!