झारखंड

छठ पर्व की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण।

साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश, श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता।

पाकुड़। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सोमवार को पाकुड़ शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कालीभषान, टीनबंग्ला, साधु पोखर, शीतला मंदिर पोखर एवं रानी दिग्गी तालाब स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को भी सुगम एवं स्वच्छ रखने पर विशेष जोर दिया।

उपायुक्त ने घाटों पर लाइटिंग एवं विद्युत कनेक्शन की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। साधु पोखर में विद्युत तार नीचे होने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने विद्युत विभाग को तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। वहीं, नगर परिषद को आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट लगाने तथा घाटों पर साफ-सफाई का कार्य लगातार जारी रखने को कहा।

इसके अलावा यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने, सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करें।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एसडीपीओ पाकुड़, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, अंचलाधिकारी पाकुड़ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!