फरक्का एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट गिरफ्तार, 37 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद।
आरपीएफ की विशेष चेकिंग में कार्रवाई, चुनाव आचार संहिता के बीच अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश।

बरहरवा साहिबगंज। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र लागू आदर्श आचार संहिता (MCC) के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ट्रेन संख्या 15743 BLGT–BTI फरक्का एक्सप्रेस में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान एक कोच अटेंडेंट को अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 15 अप्रैल 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ सीआईबी मालदा एवं ट्रेन एस्कॉर्ट टीम द्वारा फरक्का एक्सप्रेस में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई थी।
जांच के दौरान जब ट्रेन टिलडांगा रेलवे स्टेशन के समीप थी, तब कोच संख्या B-6 (231137/C) के दिल्ली छोर स्थित लॉकर की तलाशी ली गई। तलाशी के समय कोच अटेंडेंट ऋषि कुमार पांडेय (35 वर्ष), निवासी साहिबगंज मौजूद थे।तलाशी के दौरान लॉकर से दो बैग में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
19 बोतल Officer’s Choice Whisky (375 ml) – ₹5,130/-, 24 कैन HAWARD 5000 Beer (500 ml) – ₹2,640/-, 100 टेट्रा पैक Officer’s Choice (180 ml) – ₹14,000/-, कुल मात्रा: 37.125 लीटर, कुल मूल्य: ₹21,770/-
पूछताछ के दौरान आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि वह उक्त शराब को एकलखी से जमालपुर अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जा रहा था।
ट्रेन के बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरोपी को आरपीएफ सीआईबी मालदा एवं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहयोग से उतार लिया गया। बरामद शराब को विधिवत जब्त किया गया।
हालांकि, प्रयास के बावजूद मौके पर कोई स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं हो सका। पूरी जब्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और आरोपी को उसके अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही उसके परिजनों को भी सूचित किया गया।
आरोपी एवं जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए एक्साइज विभाग, साहिबगंज को सौंप दिया गया। आरपीएफ की लिखित शिकायत के आधार पर उत्पाद विभाग द्वारा केस संख्या 50/26, धारा 47(a), दिनांक 16.04.2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
चुनाव के मद्देनज़र अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ एवं अन्य एजेंसियां लगातार सतर्क हैं और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




