एसआईआर अभियान की सफलता में स्वयंसेवकों की भूमिका अहम, पूरी निष्ठा से करें कार्य : बीडीओ मो. यूसुफ।
राजमहल प्रखंड सभागार में स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण सह बैठक आयोजित, 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को राजमहल प्रखंड सभागार में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ की अध्यक्षता में स्वयंसेवकों के लिए प्रशिक्षण सह बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ मो. यूसुफ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलओ एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्वयंसेवक घर-घर जाकर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया की जानकारी दें, उनकी शंकाओं का समाधान करें तथा उन्हें मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक बनाएं। उन्होंने बताया कि विभिन्न मतदान केंद्रों पर शिक्षकों को स्वयंसेवक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि मतदाताओं तक सही एवं आवश्यक जानकारी समय पर पहुंचाई जा सके।
बीडीओ ने निर्देश दिया कि यदि किसी स्वयंसेवक को अभियान से संबंधित किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी की आवश्यकता हो, तो वे संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) अथवा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करें।
उन्होंने स्वयंसेवकों से जमीनी स्तर पर मतदाता जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता तक अभियान की जानकारी पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलए-2, बीएलओ एवं चुनाव पाठशाला की बैठक में स्वयंसेवकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाया जा सके।

प्रशिक्षण सह बैठक में बीपीओ गगन बापू, भरत मंडल, विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया।


