साहिबगंज के युवा ऋषव कुमार सिंह ने 11,323 फीट ऊंचाई पर सफल ट्रेकिंग कर बढ़ाया जिले का मान।
आईटीबीपी और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त अभियान में दिखाई बहादुरी और दृढ़ इच्छाशक्ति।

साहिबगंज। जिले के युवा ऋषव कुमार सिंह ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के साथ हिमाचल प्रदेश के दुर्गम चितकुल पर्वतीय क्षेत्र में 11,323 फीट की ऊंचाई तक सफल ट्रेकिंग कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस साहसिक अभियान में ऋषव ने कठिन परिस्थितियों के बीच अदम्य साहस, धैर्य और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
यह ट्रेकिंग अभियान भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा आईटीबीपी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम का सामना करना पड़ा। इन सभी चुनौतियों के बावजूद ऋषव कुमार सिंह ने सफलता पूर्वक ट्रेकिंग अभियान पूरा कर साहिबगंज जिले का मान बढ़ाया।
अपनी इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए ऋषव कुमार सिंह ने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने इस अवसर और मार्गदर्शन के लिए आईटीबीपी तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के अधिकारियों का सहयोग, प्रेरणा और उत्कृष्ट आयोजन ही इस कठिन एवं चुनौतीपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सहायक साबित हुआ। ऋषव ने कहा कि इस ट्रेकिंग अभियान ने उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और चुनौतियों से लड़ने की नई प्रेरणा दी है।
राजमहल मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रंजीत सिंह ने ऋषव कुमार सिंह की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऋषव ने अपनी मेहनत, लगन और साहस के बल पर न केवल कॉलेज बल्कि पूरे साहिबगंज जिले का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि ऋषव की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे युवा आने वाली पीढ़ियों को कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
ऋषव कुमार सिंह की इस सफलता पर कॉलेज के शिक्षकों, छात्रों एवं शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने आशा व्यक्त की कि ऋषव भविष्य में भी इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते हुए जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।
साहिबगंज जैसे जिले से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियान में भाग लेना और कठिन ट्रेकिंग को सफलतापूर्वक पूरा करना निश्चित रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। ऋषव कुमार सिंह ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।



