Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया जमीनी निरीक्षण।

हर प्रसाद, बड़ा रामपुर दुर्गा टोला और बलुआ टोला सहित विभिन्न क्षेत्रों का लिया जायजा, प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद कर वितरित की खाद्य सामग्री।

साहिबगंज। जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर एवं उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने शुक्रवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित इलाकों में प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, राहत सामग्री के वितरण तथा बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने हर प्रसाद, बड़ा रामपुर दुर्गा टोला, बलुआ टोला सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया और मौके पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण भी किया।

मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने, स्थिति के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने तथा आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी क्षेत्र से आवश्यकता की सूचना प्राप्त होने पर राहत एवं बचाव दल को तत्काल सक्रिय किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में जिला प्रशासन पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, सुविधा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, प्रभावित परिवारों की संख्या, उपलब्ध राहत सामग्री तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि राहत कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए।

प्रशासन की टीमों को विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने और परिस्थितियों में किसी भी प्रकार का बदलाव होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज अमर जॉन आईन्द सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं राहत-बचाव दल के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!