विद्युत योजनाओं की समीक्षा में सख्त दिखीं उपायुक्त मेघा भारद्वाज, आरडीएसएस कार्य एक माह में पूरा करने का निर्देश।
पीवीटीजी विद्युतीकरण योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी, संबंधित एजेंसी को शोकॉज जारी करने का निर्देश • प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया जोर।

पाकुड़।उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, पाकुड़ के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्युत योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता सहित विभिन्न कार्यदायी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विद्युत अवसंरचना विकास से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा के दौरान एमएस टेक्नो पावर एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। उपायुक्त ने एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगामी एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि जिले के उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल सके।
वहीं, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) विद्युतीकरण योजना की समीक्षा के दौरान एमएस मां इंफाटेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई। बैठक में एजेंसी के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एजेंसी के विरुद्ध शोकॉज जारी करने तथा अगली समीक्षा बैठक में उनकी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में लिट्टीपाड़ा में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अंचलाधिकारी, लिट्टीपाड़ा को भूमि हस्तांतरण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने तथा आवश्यक औपचारिकताएं अविलंब संपन्न करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना का कार्य समय पर प्रारंभ किया जा सके।

इसके अतिरिक्त गोड्डा-जियापानी 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शेष टावरों की स्थापना एवं अन्य लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ तथा विश्वसनीय बनेगी।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ता इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के बिजली खर्च को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विद्युत क्षेत्र से जुड़ी सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


