कल्याणचक ज्वेलरी लूटकांड में बड़ा खुलासा: लूट में प्रयुक्त दो देशी कट्टे और दो जिंदा गोलियां बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी, जिरवाबाड़ी और राजमहल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।

साहिबगंज। साहिबगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कल्याणचक ज्वेलरी लूटकांड से जुड़े मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजमहल थाना कांड संख्या 174/25, दिनांक 04.06.2025 में रिमांड पर लिए गए गिरफ्तार अभियुक्त विष्णु मंडल, पिता युगल मंडल उर्फ मंगरु मंडल, निवासी चानन, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पूछताछ में विष्णु मंडल ने पुलिस को बताया कि पूर्व में हुए कल्याणचक ज्वेलरी लूटकांड में प्रयुक्त देशी कट्टा एवं कुछ गोलियां उसने सुबोध मंडल, पिता सीताराम मंडल, निवासी शांतिनगर, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज को दी थीं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने 08 अगस्त 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशी सिंह और राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुबोध मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने दो अवैध देशी कट्टे एवं दो जिंदा गोलियां बरामद कीं। बरामद हथियार और गोलियों को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस बरामदगी के संबंध में जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 09.08.2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लूटकांड में हथियारों के इस्तेमाल तथा उनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
छापेमारी दल में शामिल रहे पुलिस अधिकारी व जवान,कार्रवाई में जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशी सिंह, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, कार्तिक उरांव, ओम प्रकाश चौहान, शिवानंद प्रसाद, दीपक कुमार सिंह, राम बिहारी ओझा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे।




