आयुष्मान भारत योजना की प्रगति पर जोर, टीबी खोज पखवाड़ा व कालाजार नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान।

राजमहल, साहिबगंज। राजमहल अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उधवा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बारी-बारी से गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल नहीं करने वाले कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई। साथ ही उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिया गया कि वे अपने कार्य में शीघ्र सुधार लाएं, अन्यथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर 100 दिवसीय टीबी खोज पखवाड़ा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। अभियान के तहत सभी फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों का चेस्ट एक्स-रे कराया गया, जिसमें राजमहल के कुल 84 एवं उधवा के 26 कर्मियों की जांच की गई।
बैठक में कालाजार एवं यक्ष्मा नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को जिला स्तर से प्राप्त प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सह लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक संजय यादव, वीबीडी पर्यवेक्षक मनीष टुडू, अनिल पाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।




