पलटनगंज आर एंड आर कॉलोनी का उपायुक्त ने किया निरीक्षण।
विस्थापित परिवारों को जल्द आवास उपलब्ध कराने के दिए निर्देश, भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी लाने पर जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को सकरीगली स्थित पलटनगंज आर एंड आर कॉलोनी का व्यापक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलोनी में रह रहे विस्थापित परिवारों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कॉलोनी की ड्रेनेज व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही पेयजल आपूर्ति, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्युत व्यवस्था, विद्यालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्थापितों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।

उपायुक्त ने अधिकारियों को कॉलोनी की जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े सभी कार्य संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ पूरे किए जाएं।
इसके उपरांत उपायुक्त ने बंदरगाह टर्मिनल परिसर में प्रस्तावित रेलवे साइडिंग निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों का भी स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारियों एवं अधिकारियों के साथ भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने अंचलाधिकारी साहिबगंज, बोरियो एवं तालझारी को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि परियोजना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी छुटेश्वर दास, संबंधित अंचलाधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



