Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अमड़ापाड़ा की बदलेगी तस्वीर: शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं को मिलेगा नया आयाम — उपायुक्त मेघा भारद्वाज।

निरीक्षण के दौरान नए जिम, गणित शिक्षिका, खेल मैदान के विकास, सेनेटरी कॉम्प्लेक्स, हाई मास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था के दिए निर्देश।

पाकुड़। जिले की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अमड़ापाड़ा का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण की शुरुआत विद्यालय की व्यायामशाला (जिम) से हुई। विद्यालय की वार्डेन ने उपायुक्त को बताया कि जिम में उपलब्ध सभी व्यायाम मशीनें खराब हो चुकी हैं, जिससे छात्राओं को नियमित व्यायाम की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस पर उपायुक्त ने तत्काल विद्यालय में नया जिम स्थापित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम से छात्राओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है। इसलिए विद्यालय में नियमित रूप से व्यायाम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्राओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में गणित की शिक्षिका का पद रिक्त होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्यालय में गणित शिक्षिका की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि छात्राओं की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सके।

छात्राओं को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ अध्ययन करने, अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने विद्यालय के शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों को समर्पण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला (साइंस लैब) एवं आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया तथा उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं से खेल गतिविधियों की जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि वे नियमित रूप से कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल खेलती हैं। इस पर उपायुक्त ने कबड्डी एवं वॉलीबॉल मैदान को समतल एवं सुव्यवस्थित कराने, पूर्ण कबड्डी मैट एवं कबड्डी किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।

विद्यालय परिसर में प्रस्तावित सेनेटरी कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए चिन्हित स्थल का भी उपायुक्त ने निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में हाई मास्ट लाइट तथा स्ट्रीट लाइट लगाने का भी निर्देश दिया, जिससे परिसर में बेहतर रोशनी एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!