विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने पर जोर, उपायुक्त ने बूथों का किया औचक निरीक्षण।
दो दिनों में लंबित डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने के निर्देश, एएसडीडी सूची, बैठक रजिस्टर एवं गणना प्रपत्रों की गहन समीक्षा।

पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र एवं अमड़ापाड़ा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित, अद्यतन, समावेशी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए पूरी गंभीरता और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने हिरणपुर प्रखंड के उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय, मोहनपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-148 एवं 149 तथा अमड़ापाड़ा प्रखंड के मध्य विद्यालय, फतेहपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-201 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एएसडीडी (ASSD) सूची, लंबित गणना प्रपत्र, घर-घर सत्यापन अभियान, बूथवार डिजिटाइजेशन की प्रगति, एएसडीडीएफ (ASSDF) सूची तथा बीएलए-2 बैठक रजिस्टर का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं तथा प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का सुरक्षित संधारण सुनिश्चित किया जाए।

मोहनपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-148 एवं 149 के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलए-2 बैठक रजिस्टर एवं एएसडीडीएफ सूची की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि अगले दो दिनों के भीतर सभी लंबित डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि एएसडीटी श्रेणी को छोड़कर सभी पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ सुपरवाइजर फखरे आजम ने जानकारी दी कि उनके जिम्मे आवंटित मतदान केंद्र संख्या-144 एवं 150 का डिजिटाइजेशन कार्य पूरी तरह पूर्ण कर लिया गया है। इस पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए अन्य बीएलओ को भी निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके प्रपत्र तत्काल भरवाकर जमा कराए जाएं ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि “शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करना सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलए-2 की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों, बीएलए-2 एवं स्थानीय नागरिकों से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग और सहभागिता की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित, अद्यतन, समावेशी एवं विश्वसनीय बनाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अमड़ापाड़ा, अंचलाधिकारी, बीएलओ पर्यवेक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



