पाकुड़िया में उपायुक्त मेघा भारद्वाज का सख्त निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर स्कूलों की बदहाली तक पर जताई नाराजगी।
मॉडल अस्पताल निर्माण में तेजी लाने, अवैध कब्जा हटाने और विद्यालयों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

पाकुड़िया पाकुड़। जिला उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्माणाधीन मॉडल अस्पताल तथा विभिन्न विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, भवनों की स्थिति और स्वच्छता व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रयोगशाला, शल्य कक्ष, पुरुष वार्ड एवं प्रसूति गृह का जायजा लिया तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी चिकित्सक डॉ. मंजर आलम से प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रहें।

इसके पश्चात उन्होंने निर्माणाधीन मॉडल अस्पताल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने प्रखंड की 182 स्वास्थ्य सहियाओं के बीच विभाग से प्राप्त किट का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट को जल्द से जल्द हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त पाकुड़िया ग्वालपाड़ा स्थित उस उत्क्रमित बालिका उच्च विद्यालय पहुंचीं, जिसका भवन निर्माण के बाद उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। भवन की जर्जर स्थिति पर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। मौके पर मिली जानकारी के अनुसार करोड़ों की लागत से निर्मित इस भवन पर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस पर उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को अवैध कब्जा हटाकर भवन के सुदृढ़ीकरण का निर्देश दिया।

इसके बाद उपायुक्त ने पीएम श्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय, पाकुड़िया का निरीक्षण किया। विद्यालय के प्रवेश द्वार के पास गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जताई और विद्यालय प्रबंधन को नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी, एसएमपीओ पवन कुमार, बीपीओ जगदीश पंडित, सहायक अभियंता रोहित गुप्ता, कनीय अभियंता लालू रविदास सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



