Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बरहरवा में जनता दरबार: विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित समाधान का दिया आश्वासन।

बिजली, पेंशन, आवास, मानदेय व राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों पर लिया संज्ञान, संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा स्थित विधायक कक्ष में आयोजित जनता दरबार में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान के लिए त्वरित पहल की।

जनता दरबार में प्रखंड के अलग-अलग पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। मयूरकोला पंचायत के फुलचूवा ग्राम निवासी लाल सुंदर घोष ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर बरकत खान ने संबंधित विभागीय पदाधिकारी को जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं, रूपसपुर पंचायत के नूराई तथा पथरिया पंचायत के निश्चिंतपुर ग्राम के ग्रामीण बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने की समस्या लेकर पहुंचे। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने आवेदन पर अनुशंसा करते हुए बिजली विभाग को अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने एवं विद्युत आपूर्ति बहाल करने को कहा।

रिसोर पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चांदपुर की रसोइया चाइना देवी ने पिछले एक वर्ष से मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की। बरकत खान ने संबंधित विभाग से वार्ता कर शीघ्र मानदेय भुगतान कराने का आश्वासन दिया।

सातगाछी पंचायत के सातगाछी ग्राम निवासी अब्दुल हासेन ने विकलांग पेंशन पिछले चार महीनों से नहीं मिलने की बात रखी। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए बरकत खान ने जांच कराकर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।

इसके अतिरिक्त, रिसोर पंचायत के गोपालपुर ग्राम की माला देवी एवं लक्ष्मी देवी के मुख्यमंत्री राज्य वृद्धा पेंशन योजना के आवेदन को अनुशंसा कर ऑनलाइन प्रक्रिया हेतु विभाग को भेजा गया।

जनता दरबार में अन्य कई समस्याएं भी सामने आईं, जिनमें मईया सम्मान योजना के अंतर्गत पेंशन बंद होना, राशन कार्ड में नाम की त्रुटि, बिजली मीटर जल जाना तथा जमीन का रसीद निर्गत नहीं होना शामिल हैं। इन सभी मामलों पर विधायक प्रतिनिधि ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र जांच एवं समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद छोटेलाल रामानी, इब्राहीम शेख, सुभोजित मिश्रा, गणेश साहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!