Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल मॉडल कॉलेज में स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम आयोजित।

फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. हर्ष कुमार ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, पोषण एवं एक्यूप्रेशर की दी विस्तृत जानकारी।

राजमहल साहिबगंज। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में राजमहल मॉडल कॉलेज में सोमवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महान स्वतंत्रता सेनानी सिदो कान्हू मुर्मू की तैलीय तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. हर्ष कुमार का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हर्ष कुमार ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से मानव शरीर की संरचना, विभिन्न गंभीर बीमारियों, उनके कारणों एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान भी बताए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, प्रोटीन एवं फाइबर का सेवन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने एक्यूप्रेशर एवं नसों-नाड़ियों के माध्यम से उपचार पद्धति की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शरीर के विभिन्न बिंदुओं एवं नसों के माध्यम से कई बीमारियों का उपचार संभव है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि युवा अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं एकाग्रता के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर ही मनुष्य का सबसे बड़ा धन है।” विशेष रूप से छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।

कार्यक्रम में डॉ. सुरेंद्र नाथ तिवारी, डॉ. देवब्रत, डॉ. राजकुमार साहा तथा डॉ. सुब्रत सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमजान अली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं कॉलेज कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!