Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज महाविद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित।

नई शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों से विद्यार्थियों को कराया गया अवगत, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित।

साहिबगंज महाविद्यालय, साहिबगंज में यूजी सेमेस्टर-वन, सत्र 2026–30 के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं परिचय कार्यक्रम के साथ-साथ महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों के सम्मान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय के नंदन भवन में आयोजित समारोह में सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के कुलानुशासक डॉ. राजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह एवं अन्य शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया।

इसके बाद महाविद्यालय के संगीत शिक्षक प्रो. कुमार प्रशांत भारती के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय कुलगीत का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि डॉ. राजीव कुमार को पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रिया सिंह ने मुख्य अतिथि के सम्मान में स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित परिचयात्मक सत्र में अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सेमी विक्टर मरांडी एवं लाइफ साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. वसीम रजा ने विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न प्रावधानों, विषय चयन की प्रक्रिया तथा पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नई शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. राजीव कुमार ने अपने संबोधन में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर भविष्य के लिए उचित क्षेत्र का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सामने विज्ञान, कला, खेल, भाषा, तकनीक एवं व्यावसायिक शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों को विषयों के चयन में पहले की अपेक्षा अधिक लचीलापन प्रदान करती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप विषय और क्षेत्र का चयन कर अपने भविष्य को बेहतर दिशा देने का प्रयास करना चाहिए।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।अपने अध्यक्षीय संबोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करना ही अंतिम उद्देश्य नहीं है और असफलता जीवन का अंत नहीं होती।

उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि गिरकर पुनः उठ खड़ा होना ही सच्चा पुरुषार्थ है। विद्यार्थियों को अपनी गलतियों से सीख लेते हुए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान महाविद्यालय में विगत दिनों आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि डॉ. राजीव कुमार द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए महाविद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. रूपा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. अनु सुमन बाड़ा ने प्रस्तुत किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक प्राध्यापक डॉ. सोनू फ्रांसिस मुर्मू, डॉ. अक्षय कुमार वर्मा, प्रो. प्रदीप कुमार कुजूर एवं प्रो. चंद्रशेखर प्रमाणिक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. मीरा चौधरी, रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मरियन हेंब्रम, सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह के समापन की घोषणा की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!