उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने पिपरजोरिया हाट बाजार में किया एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना का उद्घाटन।
39.80 लाख रुपये की लागत से विकसित हुईं आधारभूत सुविधाएँ, ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को मिलेगी सहूलियत।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना के तहत विकसित पिपरजोरिया हाट बाजार का उद्घाटन किया। लगभग 39.80 लाख रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीणों और व्यापारियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बाजार परिसर उपलब्ध कराना है।
परियोजना के तहत हाट बाजार में पाँच शेड का पुनर्निर्माण, महिला एवं पुरुष शौचालयों तथा यूरिनल का निर्माण, 17 सोलर लाइट की स्थापना, दीवारों एवं फर्श की रंगाई-पुताई, पार्किंग और जल निकासी की व्यवस्था सहित सूचना एवं पार्किंग बोर्ड लगाए गए हैं। इन सुविधाओं से बाजार परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, किसानों, छोटे व्यापारियों और बाजार आने वाले ग्रामीणों को भी सुविधा होगी।

कार्यक्रम में एलआईसी एचएफएल सीएसआर के रीजनल लीड सौरभ चक्रवर्ती, निर्देश संस्था के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह एवं निदेशक विनोद कुमार सहित नैन्सी गुप्ता, विशाल कुमार ठाकुर और लगभग 300 ग्रामीण उपस्थित थे।
निर्देश संस्था वर्ष 1995 से ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था महिलाओं के सशक्तीकरण और ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्ष 2023 से एलआईसी एचएफएल की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के सहयोग से विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं।
एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना के माध्यम से किसानों को सिंचाई सुविधाएँ एवं उन्नत बीज उपलब्ध कराने, महिलाओं को लघु उद्यमों से जोड़ने, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सामुदायिक संस्थाओं को सशक्त बनाने और आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

पिपरजोरिया हाट बाजार में आधारभूत सुविधाओं का विकास ग्रामीण क्षेत्र की सार्वजनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ग्रामीणों की सुविधा और सामुदायिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।



