जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश।
भूमि विवाद, भूमि संबंधी मामलों एवं अन्य आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश, प्रशासन की प्राथमिकता बताया गुणवत्तापूर्ण समाधान।

पाकुड़। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन समाधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों पर त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जन समाधान दिवस में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं एवं आवेदन लेकर पहुंचे। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद, भूमि संबंधी मामलों तथा इलेक्ट्रिक साइकिल से संबंधित आवेदन शामिल रहे। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की नियमानुसार जांच कर निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास तथा जवाबदेही को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। इस मंच के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं और उनके समाधान की दिशा में त्वरित पहल की जाती है।

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गंभीरता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े तथा उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जन समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण एवं सुशासन की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।




