Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नीट (NEET) 2026 परीक्षा की तैयारियां पूरी, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक।

पाकुड़ के दो परीक्षा केंद्रों पर 548 परीक्षार्थी होंगे शामिल सुरक्षा, निगरानी, चिकित्सा एवं मूलभूत सुविधाओं की रहेगी विशेष व्यवस्था।

पाकुड़, । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं तथा परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि जिले में नीट परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। डिस्ट्रिक्ट सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका), पाकुड़ में 188 तथा पाकुड़ पॉलिटेक्निक, पाकुड़ में 360 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार जिले में कुल 548 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

नीट परीक्षा का आयोजन 21 जून को अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि अपराह्न 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था एवं कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि अथवा कदाचार की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सतत निगरानी, प्रवेश द्वार पर सघन जांच तथा पहचान पत्र के अनिवार्य सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी परीक्षार्थी चिट-पुर्जा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा का संचालन निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि रिपोर्टिंग समय, परीक्षार्थियों के सुगम प्रवेश, परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षार्थी को बिना किसी असुविधा के परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिलना चाहिए।

परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षार्थी केवल एडमिट कार्ड एवं वैध फोटो पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्टेशनरी सामग्री, आभूषण अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में केवल परीक्षा संचालन से जुड़े पदाधिकारी, वीक्षक एवं अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर केंद्राधीक्षक के निर्देशानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़, अंचलाधिकारी पाकुड़, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता तथा सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!