नीट-यूजी परीक्षा 2026 की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण।
21 जून को आयोजित होगी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश।

पाकुड़। आगामी 21 जून को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका) परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित परीक्षा संचालन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें तथा उनकी सतत निगरानी की जाए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कराया जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, कदाचार अथवा अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन, सुरक्षा और सुगम संचालन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे और परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी उपायुक्त को दी।

जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।




