राजमहल मॉडल कॉलेज में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया गया संदेश, पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा।

राजमहल साहिबगंज। राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को राजमहल मॉडल कॉलेज में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं समाज के लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना था।
कार्यक्रम के तहत आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। छात्रा प्रतिभा रक्षित, मीठी कुमारी, मंपी कुमारी एवं खातून ने अपनी उत्कृष्ट पेंटिंग प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए प्राचार्य द्वारा उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम में रामा भारती ने प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने युवा पीढ़ी से सचेत, सावधान एवं नशे से दूर रहने की अपील की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के युवा सस्ते एवं नए प्रकार के नशों की गिरफ्त में आकर अपने तन, मन और धन की हानि कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा -“नशे को ना कहें और खेल को हाँ कहें।”
कार्यक्रम के अंत में छात्रा विद्या अवस्थी द्वारा सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमजान अली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण एवं कॉलेज कर्मी उपस्थित रहे।


