जन समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने सुनी आमजन की समस्याएं।
प्राप्त आवेदनों पर त्वरित, निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश, जन समस्याओं के समाधान को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देशानुसार मंगलवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित जन समाधान दिवस में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों की क्रमवार सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक मामले को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में मनरेगा भर्ती से संबंधित ए.ई., जे.ई., बी.पी.ओ. एवं ए.सी. परीक्षा की तिथि शीघ्र प्रकाशित कर परीक्षा आयोजित कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। इसके अलावा पाकुड़ शहर के वृंदावन मार्केट क्षेत्र में मुख्य सड़क से तातीपाड़ा तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठाई गई।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका का नियुक्ति पत्र निर्गत करने, पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बासेतकुण्डी में सखी भवन निर्माण कार्य में अनियमितता की जांच कराने तथा दिव्यांगजनों को बैटरी युक्त ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन भी प्रशासन को सौंपे गए।
अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने सभी मामलों पर संबंधित विभागों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का एक प्रभावी मंच बन चुका है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक ढंग से किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।


