Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज ने किया भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों, कर्मियों एवं आमजन ने किया योगाभ्यास।

साहिबगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), साहिबगंज द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज, अखिल कुमार के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार तथा अन्य न्यायिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात आयोजित योग सत्र में न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में योग के महत्व एवं इसके सकारात्मक प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। द आर्ट ऑफ लिविंग, झारखंड के सहयोग से राज्य के विभिन्न कारागारों, ऑब्जर्वेशन होम, शेल्टर होम तथा वृद्धाश्रमों में योग सत्र आयोजित किए गए।

साहिबगंज जिले में भी मंडल कारा, उपमंडल कारा, वृद्धा आश्रम, विद्यालयों, पंचायतों एवं अन्य संस्थानों में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा पारा लीगल वॉलंटियर्स न्याय मित्रों ने सक्रिय भूमिका निभाई। संबंधित संस्थानों के सदस्यों एवं लाभार्थियों ने बढ़-चढ़कर योगाभ्यास में भाग लिया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज ने आम जनता से योग के महत्व को समझने, इसे अपने जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की। योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति लोगों में नई जागरूकता का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!