झारखंड

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिला स्टेडियम का किया निरीक्षण, खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश।

खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर, डीएमएफटी और सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की समीक्षा।

पाकुड़। जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने रविवार को बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं, आधारभूत संरचनाओं एवं विकास कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खेल मैदान की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए ग्राउंड को और अधिक विकसित, सुव्यवस्थित तथा खिलाड़ियों के अनुकूल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उपायुक्त ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से संचालित जीर्णोद्धार एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सभी खेल सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों तथा खेल अवसंरचना के विकास में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद के तहत बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे निःशुल्क खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों की सहभागिता की जानकारी लेते हुए प्रशिक्षण को नियमित, प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कोचों को प्रतिदिन नियमित प्रशिक्षण सत्र संचालित करने एवं खेल गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, संसाधन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन कर सकें।

उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष बल देते हुए नगर परिषद को परिसर में उगी झाड़ियों की कटाई, नियमित साफ-सफाई तथा समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित खेल परिसर खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन एवं उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर स्थित विभाग द्वारा स्वीकृत आवासीय प्रशिक्षण केंद्र (बालक फुटबॉल) के अंतर्गत 25 प्रशिक्षु खिलाड़ियों के लिए तैयार किए जा रहे छात्रावास (हॉस्टल) की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने हॉस्टल संचालन की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र प्रारंभ करने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को आवास, प्रशिक्षण, पोषण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा खेल अवसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बेहतर सुविधाओं एवं नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से जिले के खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!