झारखंड

जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सुनी आमजन की समस्याएं।

आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश।

पाकुड़। समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने नागरिकों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जन समाधान दिवस के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों को लेकर उपायुक्त के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में सड़क निर्माण, बकाया भुगतान, कार्य उपलब्ध कराने, घर के सामने लगे ट्रांसफार्मर को हटाने, भूमि विवाद, आवास योजना का लाभ दिलाने सहित अन्य जनहित से संबंधित मामले शामिल रहे।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी आवेदनों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

उपायुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखते हैं, जिससे मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समाधान दिवस में प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाए। साथ ही, आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर एवं सुगमता से मिल सके, यह सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक न्याय, सुविधा एवं सरकारी सेवाओं की समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करना है। जन समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके प्रभावी समाधान की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!