15 अगस्त का मुख्य समारोह सिद्धो-कान्हो स्टेडियम में, भव्य आयोजन की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा।
स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का होगा सम्मान, परेड से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक की तैयारियां तेज।

साहिबगंज। आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों एवं संबंधित पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं समन्वित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी 15 अगस्त 2026 को मुख्य जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सिद्धो-कान्हो स्टेडियम, साहिबगंज में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण के लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने सभी सरकारी कार्यालयों, विभागों, सार्वजनिक संस्थानों एवं विद्यालयों के कार्यालय प्रधानों तथा प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि मुख्य जिला स्तरीय समारोह से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार अपने-अपने कार्यालयों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम सुनिश्चित करें। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्णतः पालन करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माल्यार्पण कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि मुख्य समारोह स्थल स्थित सिद्धो-कान्हो की प्रतिमा पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से माल्यार्पण करेंगे।
महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, शहीद भगत सिंह एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर नगर परिषद, साहिबगंज के कार्यपालक पदाधिकारी माल्यार्पण करेंगे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर उप विकास आयुक्त तथा चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुलिस उपाधीक्षक (सदर) द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रतिमाओं की साफ-सफाई, पर्याप्त संख्या में पुष्पमालाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य आकर्षण परेड की तैयारियों की भी बैठक में विस्तृत समीक्षा की गई। परेड का संपूर्ण संचालन एवं प्रबंधन पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के नेतृत्व में किया जाएगा।परेड में जिला सशस्त्र बल, जैप-9 के जवान, जैप-9 की महिला पुलिस बल, एनसीसी के महिला एवं पुरुष कैडेट्स तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रतिभागी दलों एवं एनसीसी कैडेट्स को सार्जेंट मेजर द्वारा परेड का अभ्यास कराया जाएगा, ताकि मुख्य समारोह में अनुशासन, समन्वय एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति एवं जनभागीदारी का वातावरण बनाने के उद्देश्य से प्रातः 7:00 बजे से 8:00 बजे तक प्रभात फेरी आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रभात फेरी के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही परेड निरीक्षण के लिए वाहन, राष्ट्रीय गान के लिए गायन टोली, सलामी समारोह में शामिल कैडेट्स के लिए परिवहन व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं सम्मान का पर्व है। इसके आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।उन्होंने मुख्य समारोह स्थल पर अग्निशमन दल, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा मंच सज्जा, राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों एवं आमंत्रित गणमान्य व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त 2026 को शाम 6:30 बजे टाउन हॉल, साहिबगंज में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के विद्यालयों एवं विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय उत्सव नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों के सम्मान का भी अवसर है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, प्रशासनिक सहयोग एवं अन्य सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन द्वारा मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सभी सरकारी कार्यालयों, परिसरों एवं भवनों में विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालय एवं संस्थान स्वच्छ, आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई देने चाहिए।उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वतंत्रता दिवस की सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, सिविल सर्जन रामदेव पासवान सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




