सदर अस्पताल में उप विकास आयुक्त का औचक निरीक्षण।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सख्ती, मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और दवा उपलब्ध कराने के निर्देश।

साहिबगंज। जिले में आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त, साहिबगंज सतीश चंद्रा ने सदर अस्पताल, साहिबगंज का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी वार्ड), चिकित्सकों की उपस्थिति पंजी, ओपीडी भवन, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, अल्ट्रासाउंड कक्ष, दवा वितरण केंद्र सहित अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ मानवीय, सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, पारदर्शी एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सेवा भावना के साथ कार्य करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के उपरांत उप विकास आयुक्त ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की समस्त व्यवस्थाओं में सतत सुधार, नियमित अनुश्रवण तथा मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए कमियों को तत्काल दूर किया जाए, ताकि सदर अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।




