मुरली पहाड़ मंदिर तक पहुंचना हुआ आसान, नवनिर्मित पीसीसी सड़क का विधायक एमटी राजा ने किया उद्घाटन।
विधायक अनुशंसा पर डीएमएफटी मद से हुआ सड़क निर्माण, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में बड़ी राहत।

राजमहल साहिबगंज । राजमहल प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक मुरली पहाड़ शिवमंदिर तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के सुगम आवागमन के लिए नवनिर्मित पीसीसी सड़क का सोमवार को उद्घाटन किया गया। विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने मुरली मंदिर से मुख्य मार्ग तक विधायक की अनुशंसा पर डीएमएफटी मद से निर्मित पीसीसी सड़क का नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया।
नवनिर्मित सड़क के निर्माण से मुरली पहाड़ शिवमंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। सड़क के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विकास योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके। विधायक ने कहा कि ऐतिहासिक मुरली पहाड़ शिवमंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।

सड़क के उद्घाटन के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सड़क का निर्माण होने से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, जिला परिषद सदस्य सह मंदिर संरक्षक रणधीर सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, प्रखंड सचिव दुर्गा मंडल, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर सहित सुभाष दास, अजय दास, मुर्शीद राजा, मो. नाजिम, नाईकी सोरेन, प्रशांत ठाकुर, आशीष यादव, चंदन सिंह, विकास यादव, गोपाल मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



