पतना प्रखंड से बिरसा कृषि रथ रवाना, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी से किसानों को किया गया जागरूक।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, कई पंचायतों में पहुंचकर किसानों को दी गई आधुनिक कृषि की जानकारी।

पतना साहिबगंज। किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से जोड़ने तथा राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से पतना प्रखंड में बिरसा कृषि रथ का शुभारंभ किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना किया। इसके बाद कृषि रथ ने धर्मपुर, बड़ा दिघी, कटहलबाड़ी एवं आमडंडा पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं।
कृषि रथ के माध्यम से किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती, गुणवत्तायुक्त बीजों के चयन एवं उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, कीट एवं रोग नियंत्रण, जैविक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों को समय पर बुवाई करने और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को किसान समृद्धि योजना (सोलर पम्प सेट) सहित राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाएं।
अल नीनो के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए किसानों को मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती अपनाने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। किसानों को बताया गया कि श्री अन्न की खेती करने पर सरकार द्वारा न्यूनतम ₹3,000 से लेकर अधिकतम ₹15,000 तक प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान है। अधिकारियों ने कहा कि बदलते मौसम के बीच मोटे अनाज की खेती किसानों के लिए लाभकारी एवं टिकाऊ विकल्प साबित हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान आत्मनिर्भरता इन पल्सेस योजना के अंतर्गत 100 प्रतिशत अनुदान पर 11 किसानों के बीच मूंग बीज का वितरण किया गया। किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे दलहन उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM), सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM), कृषि मित्रों सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी सुझाव भी दिए।
बिरसा कृषि रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि प्रबंधन एवं सरकारी योजनाओं से जोड़कर कृषि उत्पादन में वृद्धि करना तथा किसानों की आय को बढ़ाना है। यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर और आधुनिक कृषि प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




