साहिबगंज के खेलो इंडिया पहलवानों को बड़ी सौगात, उपायुक्त ने वितरित की खेल किट।
ट्रैक सूट, टी-शर्ट, कुश्ती कॉस्ट्यूम, जूते, मोजे और बैग सहित खेल सामग्री का वितरण; खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित।

साहिबगंज। खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में साहिबगंज स्थित चाँद भैरव इंडोर स्टेडियम में संचालित खेलो इंडिया बालक एवं बालिका कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों के बीच शनिवार को खेल किट का वितरण किया गया। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने प्रशिक्षु खिलाड़ियों को खेल सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, टी-शर्ट, कुश्ती कॉस्ट्यूम, खेल जूते, मोजे तथा बैग सहित आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। उपायुक्त ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक संसाधन और नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने विश्वास जताया कि उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ उठाकर खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और साहिबगंज के साथ-साथ पूरे झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि खेल विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले को नई पहचान दिलाई है। खिलाड़ियों की प्रतिभा को और निखारने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए खेल विभाग एवं जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, खेलो इंडिया कुश्ती प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल, एथलेटिक्स प्रशिक्षक योगेश यादव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं प्रशिक्षु खिलाड़ी उपस्थित रहे।




