राजमहल प्रखंड में जनगणना प्रशिक्षण का अंतिम चरण संपन्न।
बैच संख्या 6 एवं 7 के प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दी गई विस्तृत जानकारी।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड में आगामी जनगणना कार्य को सफल एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम चरण शनिवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बैच संख्या 6 एवं 7 के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने जनगणना कार्य की बारीकियों, डेटा संकलन की प्रक्रिया, घर-घर सर्वेक्षण, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रविष्टि, अभिलेख संधारण तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी विस्तारपूर्वक दी। साथ ही यह भी बताया गया कि जनगणना कार्य को किस प्रकार सहज, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।

प्रशिक्षक के रूप में राजीव कुमार शर्मा, निलेश तिवारी, संतोष कुमार महतो एवं राजू झा ने उपस्थित कर्मियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया तथा जनगणना के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राजमहल मो. यूसुफ ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी और सतर्कता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कर्मियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी ईमानदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, बीपीओ गगन बापू, प्रभारी सांख्यिकी पदाधिकारी मो. शम्स आजम, जनगणना सहायक निरंजन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन के साथ ही राजमहल प्रखंड प्रशासन आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षित प्रगणक एवं सुपरवाइजर अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाएंगे।




