दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत में 9,830 मामलों का निपटारा, 168 करोड़ से अधिक की समझौता राशि प्राप्त।
साहिबगंज एवं राजमहल न्यायमंडल में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन।

साहिबगंज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश तथा झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज एवं अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति, राजमहल द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर में वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण साहिबगंज एवं राजमहल व्यवहार न्यायालय स्थित लोक अदालत कक्ष में स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
उद्घाटन के उपरांत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार ने विभिन्न लोक अदालत बेंचों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय व्यवस्था को अधिक सरल, सुलभ एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आपसी सहमति के आधार पर मामलों के समाधान से न केवल न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आती है, बल्कि पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण भी कायम रहता है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से छोटे-बड़े विभिन्न प्रकार के मामलों का त्वरित निष्पादन संभव हो पाता है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक भागदौड़ एवं खर्च से राहत मिलती है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अधिक मामलों को लोक अदालत में लाने और उनके निष्पादन में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया, ताकि आमजन को शीघ्र एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराया जा सके।

राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय संजय कुमार उपाध्याय, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिंधु नाथ लामाये, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक प्रसाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत, सिविल जज सह न्यायिक दंडाधिकारी आलोक मरांडी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी तुषार आनंद, रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी राहुल कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी रिचेश कुमार, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष राकेश कुमार मिश्रा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रेम नाथ तिवारी सहित अनेक न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा लोक अभियोजक, अधिवक्तागण, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अरविन्द गोयल एवं उनकी टीम, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक कर्मी, पारा विधिक स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में वादकारी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान साहिबगंज न्यायमंडल एवं राजमहल अनुमंडलीय न्यायमंडल में कुल 9,830 मामलों का सफल निष्पादन किया गया।
इन मामलों के निष्पादन के फलस्वरूप कुल ₹1682067855 की समझौता राशि प्राप्त हुई।
लोक अदालत के सफल आयोजन से न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलने के साथ-साथ आम लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।


