जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सुनीं आमजन की समस्याएं।
प्राप्त आवेदनों पर त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।

पाकुड़। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन समाधान दिवस के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त मामलों में नियमानुसार त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने मनरेगा, भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, सेविका-सहायिका चयन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर पारदर्शी एवं न्यायसंगत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक तरीके से किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े तथा उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विभागीय पदाधिकारी शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन में पूरी पारदर्शिता बरतें तथा लाभुकों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई की जाएगी।



