बकरीद पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न।
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

पाकुड़। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आगामी ईद-उल-जुहा बकरीद पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विधि व्यवस्था, शांति व्यवस्था, जनसुविधाओं एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी से आपसी भाईचारा एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी लोग संयमित, अनुशासित एवं शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं, ताकि जिले में भाईचारे का वातावरण कायम रहे।
उपायुक्त ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहेगा।

उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक या अपुष्ट खबर पर विश्वास न करें तथा किसी भी सूचना का सत्यापन प्रशासन से अवश्य कर लें।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखा जाएगा, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और किसी भी स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि विधि व्यवस्था बिगाड़ने तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के विवादित अथवा अफवाह फैलाने वाले संदेशों को साझा न करें। यदि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना मिले तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या जिला प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक, आईटीडीए अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महेशपुर एवं पाकुड़ के प्रशासनिक अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित जिले के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




