Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के जिला अध्यक्ष का पुनर्गठन टला, अगस्त में राज्यपाल को सौंपा जाएगा श्रमिकों की मांगों का ज्ञापन।

जिला स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और श्रमिक हितों के मुद्दों पर बनी रणनीति, स्वतंत्रता दिवस पर सभी प्रखंडों में फहराया जाएगा तिरंगा।

साहिबगंज। झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को बाकुड़ी स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री मोहम्मद इमाम विश्वास ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं व्यापक बनाना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना था। बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, फूल कुमारी देवी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री मोहम्मद इमाम विश्वास ने कहा कि संगठन के जिला अध्यक्ष का पुनर्गठन किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन इसके लिए संगठन के सभी सात प्रखंड अध्यक्षों की उपस्थिति आवश्यक थी। बैठक में केवल तीन प्रखंड अध्यक्ष ही उपस्थित हो सके। ऐसे में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष के पुनर्गठन की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित रखी जाएगी और सभी प्रखंड अध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित होने के बाद ही इस प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।

बैठक में संगठन विस्तार एवं भविष्य की गतिविधियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने बताया कि संगठन की अगली जिला स्तरीय बैठकें 1 एवं 2 अगस्त 2026 को पाकुड़ तथा 3 अगस्त 2026 को गोड्डा में आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान और श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में यह भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि अगस्त माह में झारखंड के राज्यपाल को एक विस्तृत मांग-पत्र सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से श्रमिकों की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए न्यूनतम वेतनमान की गारंटी, नियुक्ति पत्र की अनिवार्यता, आठ घंटे कार्य दिवस, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा श्रमिकों के अन्य अधिकारों की मांग की जाएगी।

इसके अतिरिक्त संगठन ने निर्णय लिया कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय के साथ-साथ सभी प्रखंड स्तर पर संबंधित प्रखंड समितियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा।

बैठक में बबलू भगत, मोहम्मद सैयद अख्तर, अंसार खान, मोहम्मद सद्दाम अंसारी, पोलुस गुरुजी टुडू, मार्कश मुर्मू, इकरामुल अली, मोहम्मद निजामुद्दीन, मुजफ्फर शेख, मुर्तजा अली, दिलदार अंसारी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!