राजमहल में सघन टीकाकरण अभियान को लेकर प्रशासन सख्त।
11, 13 और 15 मई को चलेगा “वन सीएससी वन वीक” अभियान, सभी बच्चों का टीकाकरण अनिवार्य।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो की अध्यक्षता में प्रखंड टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 11, 13 एवं 15 मई 2026 को आयोजित होने वाले सघन टीकाकरण अभियान “वन सीएससी वन वीक” की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के तहत क्षेत्र के सभी अप्रतिरक्षित बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बरतने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की क्रमवार समीक्षा की गई। विशेष रूप से टीकाकरण कार्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया, ताकि क्षेत्र में पूर्ण टीकाकरण कवरेज हासिल किया जा सके और बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

बैठक में एचपीवी (HPV) टीकाकरण को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे स्कूल स्तर पर अधिक से अधिक बच्चियों को इस टीके से आच्छादित करने हेतु जागरूकता अभियान चलाएं और सहयोग सुनिश्चित करें।
बैठक में अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी दानिश हुसैन, अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडु, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सह लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक संजय यादव, VBD पर्यवेक्षक डेनियल किस्कू, विश्व स्वास्थ्य संगठन से सुनील रंजन, स्कूल यूनिसेफ से विनोद कुमार शर्मा, महिला बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षिका जुली कुमारी, बीटीटी चितरंजन ठाकुर, धीरन मंडल सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस विशेष टीकाकरण अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।

