बरहरवा प्रखंड में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, सैकड़ों लोगों की समस्याओं का हुआ समाधान।
जमीन विवाद, पीएम आवास, पेयजल संकट समेत कई मुद्दों पर सुनवाई; विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड परिसर स्थित विधायक कक्ष में प्रत्येक मंगलवार की भांति इस सप्ताह भी जनता दरबार का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन विधायक प्रतिनिधि बरकत खान द्वारा किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने जमीन विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, मंईया सम्मान योजना, पेयजल संकट सहित कई महत्वपूर्ण समस्याएं सामने रखीं। विशेष रूप से कई लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त में हो रही देरी को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने मौके पर ही कई समस्याओं का त्वरित समाधान किया। वहीं, जटिल मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा।

बरकत खान ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से अब तक सैकड़ों लोगों को राहत मिल चुकी है।
इस साप्ताहिक जनता दरबार से बरहरवा प्रखंड के लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त एवं प्रभावी मंच प्राप्त हो रहा है।




