VB-G RAM G के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रखंडस्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित।
प्रशिक्षण के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता, गति एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर।

साहिबगंज। विभागीय निर्देश के आलोक में VB-G RAM G के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर प्रखंडस्तरीय मास्टर ट्रेनरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता-सह-निदेशक, DRDB, साहिबगंज विजय कुमार एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी अनिल कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उससे संबंधित तकनीकी, प्रक्रियात्मक एवं प्रशासनिक जानकारी का सही तरीके से हस्तांतरण अत्यंत आवश्यक है। प्रखंडस्तरीय मास्टर ट्रेनर अपने-अपने प्रखंडों में संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण देकर योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में BPO, AE, JE, कंप्यूटर असिस्टेंट एवं अकाउंट असिस्टेंट सहित संबंधित कर्मियों ने प्रखंडस्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में भाग लिया। इन प्रतिभागियों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण देने वालों में डॉ. सुधीर मुर्मू, परियोजना पदाधिकारी, मो नेहाल आलम, जूनियर इंजीनियर एवं निरंजन कुमार गुप्ता, कंप्यूटर असिस्टेंट शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को VB-G RAM G के विभिन्न प्रावधानों, कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं, अभिलेखों के संधारण तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन तैयार करना है, ताकि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता, गति एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को संबंधित प्रखंडों में आगे साझा करते हुए कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से हो सके।

जिला प्रशासन, साहिबगंज द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, क्षमता निर्माण, पारदर्शिता एवं सुशासन को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




