झारखंड

गांव-गांव पहुंच रही विधिक जागरूकता की अलख।

साहिबगंज में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को मिल रही कानूनी अधिकारों की जानकारी।

साहिबगंज। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के तत्वावधान में जिलेभर में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अखिल कुमार के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना है।

अभियान के तहत साहिबगंज जिले के विभिन्न गांवों, पंचायतों, नगर निगम क्षेत्रों एवं सामाजिक संस्थानों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) न्याय मित्रों द्वारा ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सरल भाषा में दी जा रही हैं।

कार्यक्रमों के दौरान श्रम कानून, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानून, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जागरूकता शिविर में उपस्थित लोगों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक एवं जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता पाने के पात्र हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा पूछे गए विभिन्न कानूनी सवालों का विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं सहज भाषा में समाधान भी किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि यह विशेष जागरूकता अभियान लगातार 90 दिनों तक चलाया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी सहायता की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

इस अवसर पर अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी तुषार आनंद ने भी लोगों को विभिन्न विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं न्यायिक सहायता संबंधी जानकारियां दीं।

अभियान को सफल बनाने में पारा विधिक स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पीएलवी न्याय मित्र लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इस अभियान के सकारात्मक प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक चेतना बढ़ रही है तथा लोगों का न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!