हर घर सुरक्षा अभियान: साहिबगंज में एक दिन में 1.20 लाख परिवारों को बीमा सुरक्षा से जोड़ने की बड़ी पहल।
28 अप्रैल को सभी CLF केंद्रों पर विशेष अभियान, पीएम बीमा योजनाओं से जुड़ेंगे हजारों परिवार।

साहिबगंज। जिले में आम नागरिकों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 28 अप्रैल 2026 को “हर घर सुरक्षा” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी CLF (कम्युनिटी लीडरशिप फेडरेशन) केंद्रों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें लगभग 1,20,000 परिवारों को बीमा सुरक्षा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत अधिक से अधिक लोगों का नया नामांकन एवं नवीनीकरण सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सहायता प्रदान की जा सकेगी।
अभियान के दौरान लाभुकों को निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी बीमा योजनाओं की विशेषताएं नामांकन की प्रक्रिया नवीनीकरण की विधि क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया साथ ही स्वयं सहायता समूह (SHG) के माध्यम से लोगों को आर्थिक मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY): मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY): ₹436 वार्षिक प्रीमियम पर जीवन बीमा इन योजनाओं के माध्यम से कम लागत में व्यापक बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों में कम से कम ₹500 की राशि बनाए रखें, ताकि समय पर प्रीमियम की कटौती हो सके और बीमा कवरेज निरंतर जारी रहे।
यह अभियान प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक जिले के सभी CLF केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपने नजदीकी CLF केंद्र पर पहुंचकर इस अभियान में भाग लेने और अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
“हर घर सुरक्षा” अभियान न केवल एक सरकारी पहल है, बल्कि यह हर परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। ऐसे में सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।




