लिट्टीपाड़ा प्रखंड में एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन।
182 से अधिक लाभार्थियों को मिला स्वास्थ्य लाभ, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर।

पाकुड़। लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत ग्राम मसपाड़ा एवं गोकुलपुर में एक विशेष एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का नेतृत्व जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार द्वारा किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे 182 से अधिक लाभार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य मलेरिया, कालाजार एवं फाइलेरिया जैसे वेक्टर जनित रोगों की जांच, पहचान एवं रोकथाम रहा। स्वास्थ्य टीम द्वारा संभावित मरीजों की जांच की गई तथा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही रोगों से बचाव हेतु ग्रामीणों को जागरूक भी किया गया।

शिविर के दौरान नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। साथ ही स्वास्थ्य शिक्षा IEC गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, पोषण एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
वेक्टर नियंत्रण को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (IRS) गतिविधि भी संचालित की गई। इसके अतिरिक्त कालाजार उन्मूलन अभियान के तहत संदिग्ध मरीजों की पहचान कर भीएल (VL) एवं पीकेडीएल (PKDL) के सैंपल एकत्र किए गए और उन्हें क्यू.पी.सी.आर जांच हेतु भेजा गया, ताकि समय पर रोग की पुष्टि सुनिश्चित की जा सके।

शिविर के सफल संचालन में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दानिश एवं डॉ. भावेश, डीवीबीडी कंसल्टेंट अंकित कुमार, एफएलए राजू अग्रवाल, ओम प्रकाश पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के समन्वित प्रयास से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और ग्रामीणों को लाभ मिला।




