ट्रेन संख्या 13415 से 115 लीटर विदेशी शराब बरामद, केले के बीच छिपाकर रखे गए थे 230 कैन बीयर।
बरहरवा स्टेशन पर संयुक्त छापेमारी में लावारिस हालत में जब्त हुई शराब, कीमत करीब 25,300 रुपये।

बरहरवा साहिबगंज। रेलवे में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 अगस्त 2026 को आरपीएफ और सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। संयुक्त जांच के दौरान ट्रेन के द्वितीय अंतिम सामान्य श्रेणी कोच के वेस्टिब्यूल में केले से भरे छह प्लास्टिक बोरे और “कश्मीर एप्पल” अंकित दो कार्टून संदिग्ध अवस्था में पाए गए। तलाशी लेने पर इनसे हैवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर के कुल 230 कैन बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को सीआईबी मालदा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह और प्रधान आरक्षक नूपुर बरन मिड्या तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं ड्यूटी प्लेटफॉर्म स्टाफ के प्रधान आरक्षक पिनाकी सरकार की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस की जांच की।
जांच के क्रम में ट्रेन के द्वितीय अंतिम सामान्य श्रेणी के कोच संख्या ईआर-132454 के वेस्टिब्यूल में छह प्लास्टिक बोरे और दो कार्टून लावारिस एवं संदिग्ध अवस्था में मिले। टीम ने जब बोरों और कार्टूनों की गहन जांच की तो उनके भीतर केले के बीच छिपाकर रखे गए हैवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर के 230 कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन की क्षमता 500 मिलीलीटर थी।
बरामद बीयर को इस तरह से केले के बीच छिपाकर रखा गया था कि सामान्य जांच के दौरान वह आसानी से दिखाई न दे। टीम ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से संदिग्ध बोरों एवं कार्टूनों के संबंध में पूछताछ भी की, लेकिन किसी भी यात्री ने उक्त सामान पर अपना दावा प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद बरामद शराब को लावारिस संपत्ति मानते हुए जब्ती की कार्रवाई की गई।
आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के पोस्ट कमांडर की सहायता से बरामद शराब को ट्रेन से उतारकर बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर लाया गया। जब्ती के दौरान बरामद कुल शराब की मात्रा 1,15,000 मिलीलीटर यानी 115 लीटर पाई गई, जिसकी अनुमानित कुल कीमत 25,300 रुपये बताई गई है।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई के बाद बरामद विदेशी शराब को नियमानुसार जब्त कर लिया गया। मामले की जानकारी एवं बरामदगी से संबंधित सूचना साहिबगंज उत्पाद विभाग के निरीक्षक को दे दी गई है। रेलवे मार्ग से अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध आरपीएफ और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।
अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध सामान की जांच तथा अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


