अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, राजमहल में योगमय हुआ परिसर।
संधि योग, प्राणायाम, आसन एवं सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास, विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन का दिया गया संदेश।

राजमहल साहिबगंज । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर राजमहल स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालय में रविवार को भव्य एवं प्रेरणादायी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की वंदना सभा में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में योग के विभिन्न आयामों जैसे संधि योग, प्राणायाम, विभिन्न आसनों एवं सूर्य नमस्कार का सामूहिक अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष, सचिव, आचार्य, दीदी एवं भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष अनंत एवं सचिव गगन बापू द्वारा दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वेता ने किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

योग दिवस कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा द्वितीय से लेकर कक्षा दशम तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र एवं जीवन अनुशासित बनता है। आज के तनावपूर्ण जीवन में योग मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे विद्यालय परिसर में योग दिवस को लेकर उत्साह का वातावरण देखने को मिला। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रतिदिन योग करने तथा दूसरों को भी योग के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।



