बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 4.875 लीटर विदेशी शराब बरामद।
जनरल कोच में लावारिस बैग से मिली विदेशी मदिरा, उत्पाद विभाग को सौंपी गई जब्त शराब।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के माध्यम से अवैध रूप से ले जाए जा रहे ज्वलनशील पदार्थों, विदेशी मदिरा एवं अन्य प्रतिबंधित सामानों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल मात्रा 4.875 लीटर तथा अनुमानित मूल्य ₹4,680 बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार अपने दल के साथ नियमित चेकिंग एवं निगरानी अभियान पर तैनात थे। इस दौरान आरपीएफ कांस्टेबल अनिल कुमार साह तथा सीपीडीएस टीम के हेड कांस्टेबल योगेंद्र मांझी, अजीत कुमार, कांस्टेबल संतोष कुमार एवं वशिष्ठ यादव भी अभियान में शामिल थे।
चेकिंग के क्रम में ट्रेन संख्या 13409 सुबह लगभग 07:15 बजे बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर पहुंची। ट्रेन के गार्ड साइड स्थित जनरल कोच संख्या ER/125012/C की तलाशी के दौरान सीट के नीचे एक काले रंग का पिट्ठू बैग संदिग्ध अवस्था में रखा हुआ पाया गया।
आरपीएफ टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद यात्रियों की उपस्थिति में बैग की जांच की गई, जिसमें विदेशी मदिरा की कई बोतलें बरामद हुईं।
McDowell’s No.1 Superior Whisky (375 ml) – 03 बोतल, कुल मात्रा : 1125 ml, अनुमानित मूल्य : ₹1,050
McDowell’s No.1 Superior Whisky (750 ml) – 01 बोतल, अनुमानित मूल्य : ₹670
Magic Moments Grain Vodka (375 ml) – 03 बोतल, कुल मात्रा : 1125 ml, अनुमानित मूल्य : ₹1,110, Imperial Blue Whisky (375 ml) – 05 बोतल, कुल मात्रा : 1875 ml
अनुमानित मूल्य : ₹1,850, कुल बरामदगी, कुल मात्रा : 4.875 लीटर (4875 ml), कुल अनुमानित मूल्य : ₹4,680/-
बरामद विदेशी मदिरा को नियमानुसार जब्त कर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। मामले की सूचना तत्काल उत्पाद विभाग, साहिबगंज को दी गई, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

