हरिजन पाड़ा में अर्ध-निर्मित नाले से बढ़ी परेशानी, निताय सरकार की पहल पर पाइप डालकर मिला त्वरित समाधान।
बीमार मरीज को एम्बुलेंस तक पहुँचाने में हुई भारी दिक्कत के बाद सक्रिय हुई पहल, वार्ड वासियों ने जताया आभार।

बरहरवा साहिबगंज।बरहरवा नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 03 के हरिजन पाड़ा में अर्ध-निर्मित नाले के कारण उत्पन्न गंभीर समस्या का अंततः समाधान हो गया। बीते मंगलवार को एक गंभीर रूप से बीमार मरीज को एम्बुलेंस तक पहुँचाने में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे स्थानीय व्यवस्था की खामियां उजागर हो गईं।
क्षेत्र में अधूरे नाला निर्माण के कारण आवागमन बाधित हो गया था। स्थिति इतनी खराब थी कि नाला पार करते समय कई बच्चे उसमें गिर चुके थे, जबकि महिलाएं और बुजुर्ग प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर आने-जाने को मजबूर थे। इस समस्या से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ था।
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या की शिकायत कांग्रेस प्रखंड महासचिव सह पूर्व वार्ड प्रत्याशी निताय सरकार से की। शिकायत मिलते ही निताय सरकार ने तत्परता दिखाते हुए नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क साधा और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए पहल की।
निताय सरकार की पहल पर अर्ध-निर्मित नाले में सीमेंटेड बड़ी पाइप डलवाई गई, जिससे लोगों के लिए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था हो सकी। इस व्यवस्था के बाद बीमार मरीज को भी आसानी से एम्बुलेंस तक पहुँचाया जा सका, वहीं आम नागरिकों को भी राहत मिली।
इस सराहनीय और त्वरित कार्य के लिए वार्ड संख्या 03 के हरिजन पाड़ा निवासियों ने निताय सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। लोगों ने कहा कि समय पर उठाया गया यह कदम उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
इस मौके पर वार्ड पार्षद अमित भारती, संजय रविदास, रतन रविदास, मनोज रविदास, अरुण रविदास, सोखी रविदास, चंदु रविदास, संजीव आर्य, अर्जुन रविदास, मानिक रविदास, सन्नी रविदास सहित हरिजन पाड़ा के सभी निवासी एवं नगर पंचायत के सम्मानित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
एक छोटी सी पहल ने बड़ी समस्या का समाधान कर दिया। यह उदाहरण बताता है कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और प्रशासन की तत्परता से आम जनता की समस्याओं का त्वरित निवारण संभव है।



