खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी का बड़ा एक्शन होटल और किराना दुकानों में औचक निरीक्षण।
स्वच्छता, फूड लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के दिए सख्त निर्देश।

पाकुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा विभिन्न होटल, ढाबा एवं किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
जांच के क्रम में प्रतिष्ठानों के संचालकों को परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही बिना फूड लाइसेंस के खाद्य कारोबार नहीं करने की चेतावनी देते हुए निर्धारित नियमों के अनुरूप लाइसेंस प्राप्त कर ही व्यवसाय संचालित करने को कहा गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने खाद्य पदार्थों में अखाद्य एवं हानिकारक रंगों के प्रयोग पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसबी ढाबा, गुरुकुल, वाणी आइसक्रीम, रामचंद्र, जमारूल शेख एवं शोहेल शेख के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सभी संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने आमजनों से भी अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।


