“राजमहल में भाजपा की बड़ी तैयारी, 17 सितंबर को घर-घर जलेगा दीप; सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प”।

राजमहल साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी की राजमहल नगर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक नगर अध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में अभियान के स्वरूप, संगठनात्मक तैयारियों तथा जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से समाज के बीच पहुंचकर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएं तथा लोगों को पार्टी की सेवा भावना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े मूल्यों से अवगत कराएं।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिवस को विशेष रूप से उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर राजमहल नगर के प्रत्येक टोले और मोहल्ले में घर-घर दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पूरे उत्साह, सक्रियता और समर्पण के साथ सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान को राजमहल नगर क्षेत्र में व्यापक स्वरूप दिया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए।
मनोज सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन जनसेवा को अपनी प्राथमिकता मानते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का निरंतर प्रयास करता रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भी सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण के कार्यों को मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गणेश तिवारी एवं धर्मेंद्र कुमार, नमामि गंगे प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश मंडल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, सागर मंडल ,नगर मंत्री पवन मोदी ,अजय चौधरी, प्रदीप सिंह, कार्तिक साहा, संजीव दे, निर्भय सिंह, किशोर जैन, संजय प्रमाणिक, उमाकांत मंडल, अनीता बसाक, शेखर बर्मन, सिंटू यादव समेत नगर इकाई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को राजमहल नगर क्षेत्र में व्यापक और प्रभावी तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जाएंगी तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।




