Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

छात्रों के सम्मान में भाजपा मैदान में, JPSC-JSSC परीक्षाओं की CBI जांच और FIR वापसी की मांग।

10 सितंबर को साहिबगंज में भाजपा का आक्रोश मार्च, हजारों युवा-विद्यार्थी और कार्यकर्ता होंगे शामिल; उपायुक्त कार्यालय का किया जाएगा घेराव।

साहिबगंज। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने तथा छात्र आंदोलनों के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं पर दर्ज प्राथमिकी (FIR) वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, साहिबगंज जिला की ओर से 10 सितंबर 2026 को जोरदार आक्रोश आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर छात्र हित से जुड़ी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत शहीद भगत सिंह चौक (पूर्वी फाटक), साहिबगंज से होगी। यहां से बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, अभिभावक एवं भाजपा कार्यकर्ता आक्रोश मार्च के रूप में समाहरणालय की ओर कूच करेंगे। मार्च के बाद उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग उठाई जाएगी।

भाजपा के इस आंदोलन का नेतृत्व झारखंड प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा, पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम तथा भाजपा साहिबगंज जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव करेंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना युवाओं का अधिकार है। पार्टी ने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो।

पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष CBI जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन में शामिल युवाओं पर दर्ज मामलों को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। “छात्रों के सम्मान में भाजपा मैदान में है” का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय मिलने तक भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज को मजबूती के साथ उठाती रहेगी।

भाजपा जिला संगठन ने साहिबगंज जिले के सभी युवा, विद्यार्थी, अभिभावक एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से 10 सितंबर को आयोजित आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन छात्र हित, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

भाजपा ने इसे युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण आंदोलन बताते हुए जिले के लोगों से इसमें सहभागिता की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!