विकसित भारत युवा संसद एवं यंग लीडर्स डायलॉग के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित।
4 नवंबर को जिला स्तरीय युवा संसद और 5 नवंबर को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का होगा आयोजन, लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक एवं कविता लेखन में युवा दिखाएंगे प्रतिभा।

पाकुड़। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) राष्ट्रीय युवा महोत्सव एवं जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद के सफल आयोजन को लेकर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी, पाकुड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा, युवाओं की सहभागिता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद तथा 5 नवंबर 2026 को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारियों के निर्धारण, अनुशासन, बेहतर प्रबंधन और प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत 5 नवंबर को पांच विधाओं में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, पारंपरिक भारतीय नुक्कड़ नाटक एवं कविता लेखन शामिल हैं। कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। इन विधाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा, रचनात्मकता, विचारों और अभिव्यक्ति कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक के दौरान प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन, प्रतिभागियों की सहभागिता तथा आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से सामूहिक प्रयास, सहयोग और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सके।
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक चिंतन, सांस्कृतिक अभिरुचि और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
बैठक में जिला युवा अधिकारी, माई भारत, पाकुड़ सौरभ पाण्डेय, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के समन्वयक महबूब आलम, महिला महाविद्यालय की एनएसएस समन्वयक कुसुम कुमारी, मॉडल कॉलेज पाकुड़ के प्रतिनिधि तथा बी.एड. संस्थान के एनएसएस समन्वयक शंकर कुशवाहा सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




