सिद्धो-कान्हू सभागार में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला आयोजित, 142 अभ्यर्थियों का चयन।
800 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया भाग, उपायुक्त दीपक कुमार दूबे और उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा ने वितरित किए नियुक्ति पत्र एवं कौशल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र।

साहिबगंज। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड, राँची के तत्वावधान में जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, साहिबगंज की ओर से सिद्धो-कान्हू सभागार में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 800 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से विभिन्न पदों के लिए 142 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं, 117 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा तथा जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित नियोजकों एवं अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए जिला नियोजनालय की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता और दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उपायुक्त ने अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए एनएपीएस प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने जिला नियोजनालय से विभिन्न क्षेत्रों के नियोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।
वहीं, उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा ने जिला नियोजनालय द्वारा लगातार रोजगार मेले आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने अभ्यर्थियों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा ने संयुक्त रूप से चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र तथा तीन अभ्यर्थियों को कौशल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

रोजगार मेले में कुल 16 नियोजकों ने भाग लिया, जिनमें 10 निजी क्षेत्र के नियोजक साहिबगंज जिले के थे। विभिन्न नियोजकों द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, कंप्यूटर, फैशन डिजाइनिंग, फार्मेसी, प्रबंधन, तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित कई विभागों में नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया की गई। इनमें नर्स, ऑप्टोमेट्रिस्ट, डॉक्टर, कंप्यूटर ऑपरेटर, शिक्षक, फार्मासिस्ट, फैशन डिजाइनर, प्रशिक्षक, प्रबंधक, वेल्डर, फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, पैकिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित पद शामिल थे।
इन पदों के लिए दसवीं, बारहवीं, स्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया। इसके अतिरिक्त, जिला उद्योग विभाग, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) एवं आरएसईटीआई की ओर से 65 अभ्यर्थियों को रोजगार और स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ना रहा। इस पहल से जिले के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिला।




